चंद्रबाबू नायडू अपने जन्मदिन पर केंद्र सरकार के विरोध में रखेंगे उपवास

1314

अमरावती ( आंध्र प्रदेश ): आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने कहा है कि वह अपने जन्मदिन पर 20 अप्रैल को राज्य के प्रति केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ उपवास करेंगे. यहां इनवोलू गांव में डाक्टर बी आर आंबेडकर की जयंती पर आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने उपवास की घोषणा की. नायडू ने कहा, ’20 अप्रैल को मेरा जन्मदिन है. उस दिन मैं राज्य की समस्याओं और केंद्र सरकार की नीतियों को लेकर सुबह से शाम तक उपवास रखूंगा.’ उन्होंने कहा कि तेलुगु देशम पार्टी कभी ‘किंग मेकर’ बनकर उभरी थी और यह निर्णय लेती थी कि केंद्र में किसकी सरकार बनेगी और कौन प्रधानमंत्री होगा.

नायडू ने कहा कि तेदेपा ही एक ऐसी पार्टी होगी जो भविष्य में केंद्र सरकार पर दबाव बना सकेगी. उन्होंने लोगों से तेदेपा को लोकसभा की सभी 25 सीटों पर जीत सुनिश्चित करने के लिए सहयोग की मांग की है.