बच्चन बहू ऐश्वर्या करने जा रहीं वो काम जो अबतक किसी भारतीय महिला ने नहीं किया…

1295

नई दिल्ली: बॉलीवुड अभिनेत्री ऐश्वर्या राय बच्चन को मेलबर्न में होने वाले भारतीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफएम) में उनके विश्व सिनेमा में योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा. आईएफएफएम आस्ट्रेलिया में होने वाला भारतीय सिनेमा का सबसे बड़ा वार्षिक समारोह है. आईएफएफएम में भारतीय सिनेमा का जश्न मनाने के लिए आयोजित होने वाले विशेष सत्र ‘सेलिब्रेटिंग इंडिया एट 70!’ के दौरान ऐश्वर्या मेलबर्न के फेडरेशन चौक पर भारतीय ध्वज फहराएंगी. वह ऐसा करने वाली पहली भारतीय महिला होंगी. ऐश्वर्या को 11 अगस्त की रात वेस्टपैक आईएफएफए पुरस्कार समारोह में विक्टोरिया सरकार द्वारा सम्मानित किया जाएगा.

इस समारोह के निर्देशक मितू भौमिक लांगे ने एक बयान में कहा, “हमारे लिए इस बार अभिनेत्री ऐश्वर्या राय बच्चन का आईएफएफएम में स्वागत करना सम्मान की बात होगी. वह एक इंटरनेशनल हस्ती हैं और आस्ट्रेलियाई दर्शकों में बेहद लोकप्रिय हैं. यह सभी भारतीयों के लिए एक सम्मान की बात होगी, जब वह मेलबर्न की धरती पर भारतीय ध्वज फहराने वाली पहली भारतीय महिला बनेंगी.”

भौमिक ने कहा, “विश्व सिनेमा में उनके अतुलनीय योगदान को देखते हुए सरकार द्वारा उनका सम्मान किया जाएगा. हम सभी इस अनुभव के लिए बेकरार हैं.”